देवरिया, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में नवरात्र के प्रथम दिन मेहड़ापुरवां में एक कथित दुर्गा देवी के वहां लगी भीड़ को हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम से लोग उलझ गए। दुर्गा देवी बनी महिला ने तलवार से एसडीएम और सीओ पर प्रहार कर दिया। संयोग ही रहा कि किसी को चोट नहीं लगी। बाद में पहुंची फोर्स ने कथित दुर्गा देवी के साथ ही 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के मेहड़ापुरवां में परिषदीय शिक्षक शिव प्रसाद यादव की पत्नी सुभद्रा देवी वर्षों से अंधविश्वास का धंधा चलाती है। दूर-दूर से महिला और पुरुष यहां आते हैं। उनको यहां ठीक करने का दावा किया जाता है। कई महिलाओं और लड़कियों को एक ही कमरे में बंद कर दिया जाता है।
बुधवार की सुबह जिला प्रशासन को सूचना मिली कि यहां काफी भीड़ है। एसडीएम दिनेश मिश्र और सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची। करीब 100 की संख्या में मौजूद महिला-पुरुषों ने विरोध शुरू कर दिया। दुर्गा देवी का रूप धारण की सुभद्रा देवी तलवार से इन लोगों पर वार कर दी। संयोग ही रहा कि तलवार किसी को लगा नहीं। बाद में पहुंची फोर्स ने कड़ाई कर 12 लोगों को पकड़ लिया।
0 टिप्पणियाँ